पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी ढांचे का खुलासा : ब्रिगेडियर धीमान
रक्षा विशेषक्ष सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर डॉ. विजय सागर धीमान का कहना है कि यह कार्रवाई मुठभेड़ नहीं बल्कि पाकिस्तान की ओर से प्रायोजित और वित्तपोषित आतंकवाद के ढांचे का खुलासा है। ऑपरेशन त्राशी ने एक बार फिर पाकिस्तान का आतंकी चेहरा बेनकाब किया है। सुरक्षा एजेंसियां को अब इस नेटवर्क से जुड़े स्थानीय संपर्कों और फंडिंग चैनलों की भी गहन जांच करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी साजिशों को पनपने से पहले ही कुचला जा सके।
ऑपरेशन त्राशी के बाद किश्तवाड़ पहुंचे सेना कमांडर, जवानों की सराहना की
ऑपरेशन त्राशी-1 की सफलता के बाद उत्तरी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने मंगलवार को किश्तवाड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौजूदा सुरक्षा हालात की समीक्षा की। इस अभियान में सुरक्षा बलों ने तीन पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को मार गिराया था। उन्होंने जवानों की सराहना भी की।
दौरे के दौरान सेना कमांडर ने ऑपरेशन में शामिल अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित व सटीक कार्रवाई के लिए जवानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान सेना की पेशेवर क्षमता, प्रतिबद्धता और आतंकवाद के खिलाफ अटूट संकल्प को दर्शाते हैं। क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता बरतने पर जोर दिया। साथ ही जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आतंक मुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना सुरक्षा बलों की सर्वोच्च प्राथमिकता है।