जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए चुने गए सबसे कम उम्र के सदस्य में रफियाबाद के याबर अहमद मीर है। पीडीपी के मीर ने 27 साल की उम्र में विधानसभा में कदम रखने का गौरव हासिल किया है। मीर ने नर्टिघि़म इंग्लैंड से वकालत करते हुए एलएलएम की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा जम्मू संभाग से सबसे युवा विधायक रामबन के नीलम कुमार हैं।
34 वर्षीय नीलम ने भाजपा की ओर से पहली बार चुनाव लड़ा और विधानसभा तक पहुंचे। पेशे से व्यापारी नीलम हालांकि शिक्षा के मामले में थोड़ा कमजोर हैं और उन्होंने प्लस टू तक शिक्षा हासिल की है। जहां तक सबसे बुजुर्ग सदस्य का सवाल है तो उसमें लद्दाख ने बाजी मारी है। झंस्कार से विजयी रहने वाले आजाद उम्मीदवार सैयद मोहम्मद वाकिर 74 साल के हैं।
उन्होंने इराक से इस्लाम पर स्नातक की है। इसके अलावा दूसरे सबसे बुजुर्ग सदस्यों में पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी संरक्षक मोहम्मद मुफ्ती सईद (72) हैं। जम्मू संभाग में सबसे बुजुर्ग सदस्य भाजपा के एकमात्र मुस्लिम विधायक अब्दुल गनी कोहली हैं। 71 वर्षीय कोहली ने कालाकोट से जीत दर्ज की है। जबकि दूसरे सबसे बुजुर्ग सदस्य में भाजपा के ही चिनैनी से दीनानाथ (68) हैं।
इसके अलावा विधानसभा में स्थान बनाने वाली दोनों महिलाओं की उम्र भी मध्यम है। हजरतबल से जीत दर्ज करने वाली पीडीपी की आशिया 44 वर्ष की हैं, जबकि हब्बा कदल से नेशनल कांफ्रेंस की शमीम फिरदौस की उम्र 48 वर्ष है।
विधानसभा में पहुंचने वाले सदस्यों की उम्र
उम्र जम्मू कश्मीर कुल
25-34 01 02 03
35-44 12 09 21
45-54 14 15 29
55-64 07 14 21
65-74 03 10 13