जम्मू संभाग के अधिकांश हिस्सों में निरंतर हो रही बारिश में पारे में गिरावट आई है। मंगलवार को जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश से गर्मी से राहत रही। हालांकि उमस ने पीछा नहीं छोड़ा है। इसके विपरीत कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार अगले चौबीस घंटों में जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
जम्मू में मंगलवार की शुरुआत हल्की बारिश के साथ हुई। एक समय ऐसा लग रहा था कि इंद्रदेव ज्यादा मेहरबान होंगे। लेकिन दिनभर बादलों के छाए रहने के बावजूद आसमान से अधिक पानी नहीं बरसा। यहां चौबीस घंटों में 5.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
जम्मू में दिन का पारा सामान्य से दो डिग्री गिरकर 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां दिन में आर्द्रता का प्रतिशत 75 रहने से उमस बरकरार है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 11.5 मिलीमीटर बारिश हुई।