रियासत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर रविवार शाम से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। इसमें 11-13 दिसंबर तक जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश के साथ हिमपात होगा। मौसम के बिगड़े मिजाज का असर लद्दाख क्षेत्र में भी दिखेगा।
आगामी मौसम को देखते हुए कश्मीर के सभी जिला उपायुक्तों को जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षाबलों के साथ राज्य पुलिस को आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
इस साल सैलानियों को पर्यटक स्थलों पर बर्फबारी के बीच नए साल का स्वागत का मौका मिलेगा। इस बीच न्यूनतम माइनस 12.3 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ लेह सबसे सर्द रहा। भारी बर्फबारी की आशंका को देखते हुए एहतियात के तौर पर 10 दिसंबर से कश्मीर से जोड़ने वाले सोनामर्ग-गुमरी मार्ग (जोजिला पास) पर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई है।
बर्फबारी प्रभावित इलाकों के निवासियों के लिए मौसम एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें लोगों को खराब मौसम के बीच सभी एहतियात बरतने को कहा गया है। कश्मीर के कई पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन का खतरा भी रहेगा। घाटी के अधिकतर हिस्सों में रात का पारा शून्य से नीचे चल रहा है। जम्मू में भी रात्रि के तापमान में लगातार गिरावट बनी हुई है।
स्थान न्यूनतम तापमान
कारगिल माइनस 7.2
पहलगाम माइनस 4.5
श्रीनगर माइनस 3.0
कुपवाड़ा माइनस 3.3
गुलमर्ग माइनस 2.2