केंद्र सरकार के दावों के बाद अमरनाथ श्रद्धालुओं के लिए किसी भी विमान कंपनी ने कोई भी इमरजेंसी रियायत नहीं दी है। कंपनियां चार गुणा अधिक किराया वसूल रहीं है। मनमाने तरीके से वसूले जा रहे किराए में भी कोई रियायत नहीं बरती जा रही है।
घाटी से श्री अमरनाथ श्रद्धालुओं के जम्मू पहुंचने के बाद भी वीआईपी क्लास को हवाई उड़ान से कोई राहत नहीं मिल पा रही है। प्राइवेट कंपनियों को छोड़कर केवल एयर इंडिया ने टिकट रद्द करने पर कोई भी फीस चार्ज नहीं करने की रियायत दी है।
इंटरनेट सेेवा बंद होने के कारण आनलाइन हवाई जहाज की टिकटें नहीं मिल रही हैं। एयरपोर्ट में मौजूद एयरलाइंस कंपनियोेें ने जम्मू से दिल्ली के लिए किराया 10 हजार से 12 हजार रुपये के बीच बताया है। कहीं से भी कोई रियायत नहीं दी गई है।
जेट एयरवेज, स्पाइस जेट, गो एयर की जम्मू से नई दिल्ली की टिकट 95 सौ रुपये और 10,500 रुपये बताई गई, जबकि एयर इंडिया की 11 हजार रुपये टिकट बताई गई। सामान्य दिनों में यही टिकट 25 सौ से शुरू होती है।
यात्रा के दिन कम होने पर भी दिल्ली तक टिकट चार से पांच हजार से अधिक नहीं हो पाती है। भीड़ और मांग बढ़ने के साथ ही टिकटों के रेट आसमान छूने लगे हैं। श्रद्धालुओं ने भी टिकट के रेट अधिक होने के कारण प्राइवेट गाड़ियों को प्राथमिकता दी और दिल्ली तक का सफर किया।