गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले की आशंका और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के दौरे को ध्यान में रखते हुए पूरी रियासत में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमांत इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के अलावा शहरी व रिहायशी इलाकों में जगह-जगह सुरक्षा नाके लगाकर संदिग्धों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खासकर जम्मू और श्रीनगर शहर के सभी एंट्री प्वाइंट पर विशेष चेक पोस्ट लगाए गए हैं और वहां से गुजरने वाले तमाम वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जम्मू और श्रीनगर एयरपोर्ट पहले ही अतिसंवेदनशील स्थान घोषित किए गए हैं और उसकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा जम्मू रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जीआरपी की विशेष टीमें रेलवे स्टेशन के अलावा रेल ट्रैक पर लगाई गईं हैं। जम्मू के एमए स्टेडियम को सील कर दिया गया है, जहां गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल एनएन मोहरा तिरंगा फहराएंगे। थ्री लेयर सुरक्षा तैनात की गई है। स्टेडियम में शार्प शूटर तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है।
श्रीनगर में सीसीटीवी से रखी जा रही नजर
श्रीनगर शहर में जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की तैनाती की गई है। पहले से ही अकेले श्रीनगर शहर में 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी से हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना एलओसी पर भारतीय चौकियों और सैनिक गश्ती दलों पर हमलों के लिए एक बार फिर बॉर्डर एक्शन टीमों के अलावा कमांडोज को सक्रिय कर चुकी है। सूचना के अनुसार, 26 जनवरी के आसपास ऐसे हमलों में तेजी इसलिए आ सकती है कि आतंकी अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे से पूर्व अपनी मौजूदगी दिखाने की फिराक में हैं।
आतंकी जम्मू-कश्मीर के कई शहरों में अपनी गतिविधियों को तेज करने की फिराक में हैं। इसलिए भीषण ठंड के बीच तलाशी अभियानों को भी तेज कर दिया गया है। डीआईजी सेंट्रल कश्मीर अफाद-उल-मुज्तबा ने बताया कि सुरक्षा के पूर्ण प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर शहर में हमेशा से आतंकी हमले का अंदेशा रहता है, जिसको ध्यान में रखते हुए और चौकसी बरती जा रही है। पुलिस और सीआरपीएफ के स्निफर डॉग स्क्वॉयड के साथ-साथ बम निरोधक दस्तों को भी तैयार रखा गया है। श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम के आसपास तलाशी अभियान सबसे अधिक है, जहां गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह होना है।
डीजीपी ने कटड़ा की सुरक्षा का जायजा लिया
डीजीपी के राजेंद्रा कुमार ने शुक्रवार को कटड़ा पहुंच माता वैष्णो देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गणतंत्र दिवस को लेकर हाई अलर्ट जारी करने के बाद डीजीपी ने बाणगंगा प्रवेश द्वार, रेलवे स्टेशन, पुलिस स्टेशन कटड़ा और कुछ महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस के अलावा सीआरपीएफ और श्राइन बोर्ड के अधिकारी उपस्थित थे। डीजीपी ने बैठक में कटड़ा से लेकर भवन तक की सुरक्षा को लेकर उठाए जा रहे कदमों की रिपोर्ट ली और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। डीजीपी ने मुख्य रूप से सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे पैनी नजर रखने को कहा।
उन्होंने खराब कैमरों और अन्य साजो सामान को तत्काल बदलने के आदेश दिए। भवन तक तैनात सुरक्षा बलों और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के बीच आपसी समन्वय बनाने के लिए डीजीपी ने ज्वाइंट कंट्रोल रूम की नियमित बैठक करने के भी निर्देश दिए।