दोमाना। किसान एकीकृत खेती अपना कर सबल बनें। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ उठा कर आय को दोगुना करें। यह अपील बागवानी विभाग के अधिकारियों ने मत्थवार के पदमी गांव में आयोजित जागरूकता शिविर में ग्रामीणों से की है।
श्िविर बागवानी विभाग जम्मू के निदेशक राम सेवक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इसमें एसडीएम जम्मू नॉर्थ उत्तम चंद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य कृषकों को जागरूक करना था। शिविर में कंडी क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने के साथ सौर ड्रायरों की स्थापना, प्रसंस्करण इकाइयों और विशेष रूप से नर्सरी विकास योजना का लाभ लेने को कहा। निदेशक ने बागवानी से जुड़े स्वयं सहायता समूह बनाने पर जोर दिया। प्रमुख अधिकारी बागवानी जम्मू सरबजीत सिंह ने बागवानी विभाग के चल रहे कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर सरपंच गीता देवी, एचडीओ भलवाल संदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।