विजयपुर। कांग्रेस पार्टी के सांबा जिला उप प्रधान बबल गुप्ता के नेतृत्व में में शनिवार को विजयपुर बाजार में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी महंगाई को लेकर हाथों में अच्छे दिन के इंतजार में भूखे दिन, मात्र चुनाव के दौरान थमती है महंगाई, लिखे प्लेकार्ड लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
बबल गुप्ता ने कहा कि अन्य राज्यों के मुकाबले जम्मू-कश्मीर में महंगाई उच्च स्तर पर है। आर्थिक मंदी के इस दौर में जब आम लोगों की आय में भारी कमी आई है, वहीं महंगाई चौगुनी रफ्तार से बढ़ रही है। इससे महामारी के दौर में प्रत्येक परिवार की थाली से पोषण आहार गायब हो रहा है। खाने के तेल के भाव दो साल में दोगुना से ज्यादा बढ़ चुके हैं। पैट्रोल, डीजल, गैस के बढ़ते दामों का असर प्रत्येक वस्तुओं पर पड़ रहा है। रोज इस्तेमाल की वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं। अच्छे दिनों की आस में बैठी जनता को महंगे और भूखे रहने वाले दिन नसीब हो रहे हैं। महंगाई पर काबू पाने में विफल साबित हो रही मोदी सरकार से अपील है कि आम जनता को महंगाई से निजात दिलाने के लिए जमीनी प्रयास के साथ प्रत्येक परिवार को प्रतिमाह नकद सहायता सुनिश्चित करें, जिससे अपनी घटी आय के बावजूद आम आदमी अपनी एवं परिवार की थाली में पोषण परोसने को संभव बना सके।
प्रदर्शन में धर्म पाल, मदन लाल, कर्म चंद, रोशन लाल, राजकुमार, माडु राम आदि शामिल रहे।