जम्मू संभाग में सांबा जिले के मनोहर गोपाला क्षेत्र में गत दिनों पाकिस्तान के पक्ष में नारे लगाने वालों के खिलाफ लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भी लोगों ने प्रदर्शन कर पुलिस से दोषियों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दायर करने की मांग उठाई।
विज्ञापन
भारत-पाकिस्तान के बीच हुए क्रिकेट मैच में पाकिस्तान की जीत हुई थी। इस पर खुशी मनाते हुए कुछ युवकों ने पाकिस्तान के पक्ष में नारे लगाए थे। इससे स्थानीय लोगों में रोष पनपने लगा। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर आठ युवकों को हिरासत में ले लिया है। अभी कुछ युवक फरार बताए जा रहे हैं। जिनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग तेज होती जा रही है।
कैली मंडी के सरपंच लब्लु संब्याल व शिव सेना बाल ठाकरे के जिला प्रधान नीलम संब्याल ने गुरुवार को जिला प्रशासन से मांग उठाई कि इस मामले में जो लोग फरार है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दायर किया जाए। अन्यथा स्थानीय लोग सड़कों पर आ जाएंगे। क्योंकि कुछ लोग सांबा का माहौल बिगाड़ने की फिराक में हैं। जिन्हें सफल नहीं होने दिया जाएगा।