सांबा। जिले के नड ब्लाक के अंतर्गत आने वाले गांव कैनी में बिजली की किल्ल्त पर कांग्रेस नेता संदीप शर्मा के नेतृत्व में वीरवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि उनके गांव में बिजली की कम वोल्टेज है। न तो सही तरीके से रोशनी हो पाती है और न ही बिजली के उपकरण ही चल पाते हैं। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और विभाग के अधिकारियों का पुतला भी जलाया।
उनके अनुसार उनके गांव में एक ट्रांसफार्मर तक नहीं है। उनकी बिजली नड से आती है। कांग्रेस के नेता संदीप शर्मा ने कहा कि आज हालात यह हैं कि बिजली के विभाग के अधिकारी क्षेत्र में जाने से कतराते हैं। गत दिवस मनानू में पशु की मौत तार टूटने से हो गई थी। कैनी क्षेत्र के लोगों ने कहा कि वह कई बार क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर चुके हैं। उसके बावजूद भी नहीं लगाया गया। प्रदर्शन में कुलदीप कुमार, हंस राज आदि शामिल रहे।