संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। मीरां साहिब में जम्मू-कश्मीर किसान तहरीक के कार्यकर्ताओं ने आम बजट को किसान व मजदूर विरोधी बताते हुए बुधवार को बजट की प्रतियां जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया। तहरीक के राज्य प्रधान कामरेड किशोर कुमार के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कई किसान व मजदूर शामिल रहे।
किशोर कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान व मजदूर विरोधी नीतियों को लेकर देशभर में बजट की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, ताकि गरीब, किसान, मजदूर वर्ग के लोगों की बेहतरी हो सके। उन्होंने कहा कि मनरेगा, आयुष्मान, शिक्षा, खाद आदि में केंद्र सरकार ने पहले से तय किए बजट में कटौती की है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में पेश किए बजट को काला दिवस के तौर पर मनाकर बजट की प्रतियां जलाकर मजदूर किसान का हक मांगा गया, ताकि लोगों को इस बढ़ती महंगाई से बचाया जा सके।
सीटू नेता कामरेड मनदेव सिंह ने कहा कि किसानों को फसलों की एमएसपी लागू नहीं किया। एक ओर सरकार किसानों की आय दो गुणा किए जाने की दुहाई दे रही है, दूसरी ओ बजट में कटौती कर किसान व मजदूरों की दिक्कतें बढ़ा रही है। अडाणी व अंबानी की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार ने बजट पेश किया, जिसका विरोध किया गया।
प्रदर्शन में सुबेदार बाबाराम, तरसेम लाल, तिलक राज, बोधराज, जीतराज, रछपाल चौधरी, जितेंद्र भगत आदि शामिल रहे।