प्रदेश में शुक्रवार को सात महीने बाद संक्रमण के 542 मामले सामने आए। संक्रमितों में दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारी, 12 कृषि अधिकारी व एक डॉक्टर भी शामिल हैं। जम्मू संभाग में 288 संक्रमित मिले हैं। साथ ही एक मरीज की मौत भी हुई है। कश्मीर में 254 नए मामले आए हैं और 98 मरीज स्वस्थ हुए हैं। ऐसे में सक्रिय मामले तेजी से बढ़कर 2492 हो गए हैं।
कृषि निदेशालय तालाब तिल्लो में कोविड टेस्ट के दौरान 12 अधिकारी पॉजिटिव पाए गए। जिला स्तर पर बात करें तो जम्मू जिले में सबसे ज्यादा 176 नए मामलों की पुष्टि हुई है। उधमपुर में 16, राजोरी में 14, डोडा में 15, कठुुआ में 23, सांबा में सात, किश्तवाड़ में चार, पुंछ में छह, और रियासी जिले में 27 नए मामले आए हैं।
कश्मीर संभाग के श्रीनगर जिले में 137, बारामुला में 48, बडगाम में 20, पुलवामा में दो, कुपवाड़ा में 17, अनंतनाग में पांच, बांदीपोरा में तीन, गांदरबल में चार, कुलगाम में 18 नए मामलों की पुष्टि हुई है। सक्रिय 2492 मामलों में से 1318 जम्मू संभाग व 1174 कश्मीर संभाग से हैं। मृतको की संख्या बढ़कर 4534 पहुंच गई है।
जीएमसी जम्मू में एमबीबीएस, बीएससी पैरा मेडिकल की कक्षाए निलंबित
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार के चलते संभाग के सबसे बड़े अस्पताल जीएमसी जम्मू में एमबीबीएस और बीएससी पैरा मेडिकल विद्यार्थियों की ऑफलाइन कक्षाओं को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में जीएमसी जम्मू की प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. शशि सूदन शर्मा ने शुक्रवार को आदेश जारी किया।
हालांकि परीक्षाएं तय शेड्यूल के तहत ही होंगी। इसके अलावा जीएमसी जम्मू के कॉलेज कैफेटेरिया को भी आठ जनवरी से अगले आदेश तक बंद करने का आदेश जारी किया गया है।
डॉ. जितेंद्र सिंह आज कोरोना परिदृश्य की समीक्षा करेंगे
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह शनिवार को वर्चुअल माध्यम से उच्च स्तरीय बैठक कर जम्मू कश्मीर में कोरोना परिदृश्य की समीक्षा करेंगे। बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वित्त आयुक्त के अलावा सभी जिलों के जिला उपायुक्त, एसएसपी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी हिस्सा लेंगे।