कश्मीर घाटी में फुटबॉलर माजिद खान की मां की अपील कामयाब होने के बाद अब ऐसे अपील के मामले बढ़ रहे हैं। दो और दुखी मां का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस के अनुसार आतंकियों के साथ अच्छे व्यवहार के बयान के बाद परिवारों का हौसला बढ़ा है।
माजिद खान की मां की अपील के बाद करीब आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे परिवार सामने आए हैं जिनकी ओर से अपने बेटों को वापस आने की अपील की गई है। मंगलवार को भी दो ऐसे वीडियो वायरल हुए हैं जिनमें से पहला वीडियो दक्षिणी कश्मीर के त्राल के एक परिवार का है।
त्राल के शरीफाबाद इलाके के इरफान अहमद राथर की मां रो-रो कर अपने बेटे को घर वापस आने को कह रही है। इरफान की मां ने इस वीडियो में कहा, खुदा के वास्ते वापस लौट आ मेरे बेटे। मेरा कुछ इंसाफ कर, सब्र दे अल्लाह मेरा और तू जल्दी घर लौट आ। मैं तुम्हारे लिए कुछ भी करने को तैयार हूं। बस तू एक बार वापस आ जा। मेरे इरफान तू वापस आ जा, मैं तुम्हारे गम में मर रही हूं।
दूसरा वायरल वीडियो उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा का है जिसमें छह बहनों का इकलौता भाई सज्जाद अहमद शाह घर छोड़कर चला गया है। उसकी मां ने वापसी की अपील की है। सज्जाद की मां ने वायरल वीडियो में कहा, उसकी छह बहने हैं जिनमें से दो की अभी शादी करनी है।
मैं चाहती हूं कि वह वापस आ जाए क्योंकि उसका खुद का एक छोटा बच्चा है। मैं खुद बेटियों की मां हूं। उसके छोटे बच्चे को क्या संभालूंगी। रोज उसकी वापसी के लिए दुआएं करती हूं। उसके बगैर कोई सहारा नहीं है। वह अच्छी भली दुकानदारी करता था। उसके जाने से पूरा परिवार पीड़ा में है। वीडियो में सज्जाद के पिता यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि मैं यह अपील करता हूं कि वह वापस आ जाए।
अपील कर परिवार वाले हिम्मत दिखा रहे : डीजीपी
पुलिस महानिदेशक डॉ एसपी वैद ने कहा कि परिवार वाले ऐसी अपील कर हिम्मत दिखा रहे हैं और पुलिस द्वारा अच्छे व्यवहार के आश्वासन के बाद से हौसला और बढ़ा है। वह अपील करते हैं कि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय युवा आतंकवाद का पथ छोड़ मुख्यधारा में शामिल हों।