घाटी में बढ़ रही चोटी कटने की घटनाओं के बाद अब दाढ़ी काटने की कथित घटना सामने आई है। श्रीनगर के एक दुकानदार की उस समय शरारती तत्वों ने दाढ़ी काट दी, जब उसने अपनी दुकान खोली। यह घटना श्रीनगर के बटमालू इलाके में घटी। पीड़ित शख्स फारूक अहमद भट ने बताया कि रोजाना की तरह वह सुबह करीब 6:30 बजे दुकान खोल चुका था।
तभी इस बीच एक कश्मीरी उससे सिगरेट लेने आया और जैसे ही वह उसे सिगरेट देने के लिए मुड़ा तो पीछे से उस शख्स ने उसकी गर्दन दबोची और चाकू दिखाया। फारूक के अनुसार इस बीच उसके दो अन्य साथी ने मुझ पर स्प्रे छिड़की जिसके मैं बेहोश हो गया। और फिर दाढ़ी काट कर ले गए। उसने बताया कि कश्मीरी सख्श के साथ गैर कश्मीरी लग रहे थे।
पीड़ित के पिता अब्दुल मजीद ने बताया कि तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पाया कि उसने कोई जहरीला केमिकल सूंघ लिया है। मजीद ने बताया कि शरारती तत्वों ने कुछ पैसे भी दुकान से लूट ले गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला लूट का लग रहा है।