बिश्नाह के विधायक डॉ. राजीव भगत के साथ बैठक के बाद किया एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया/बिश्नाह। सीमावर्ती क्षेत्र अरनिया के अलॉटियों का मुआवजे का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीरवार को इस संबंध में तत्काल भुगतान के आदेश जारी किए है। यह निर्णय बिश्नाह के विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में विधायक ने उपराज्यपाल को बताया कि अरनिया सेक्टर के सीमावर्ती इलाकों में रक्षा मंत्रालय की ओर से अधिग्रहित भूमि का मुआवजा केंद्र सरकार ने पहले ही स्वीकृत कर दिया था। कुछ राजस्व अधिकारियों की ओर से धनराशि रोकी जा रही थी। इससे 1965 और 1971 के युद्धों में विस्थापित हुए परिवार वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे थे। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए एलजी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को आदेश दिया कि सभी पात्र अलॉटियों को उनकी देय राशि शीघ्र वितरित की जाए। इसके लिए उन्होंने जम्मू के संभागीय आयुक्त को विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं।संभागीय आयुक्त को हर तहसील में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि मुआवजे का वितरण पारदर्शी, त्वरित और बाधारहित ढंग से किया जा सके। प्रशासन के इस फैसले से सीमावर्ती निवासियों में खुशी है।
विधायक डॉ. राजीव कुमार भगत ने बताया कि एलजी के साथ बैठक में अलॉटमेंट जमीन का किसानों के हक में मुआवजे का एलान किया गया है।
अरसे बात ग्रामीणों को न्याय मिला
इस मुद्दे पर गांव तरेबा की पूर्व सरपंच बलवीर कौर ने कहा की लंबे संघर्ष के बाद ग्रामीणों को न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि दशकों से मुआवजे का इंतजार कर रहे किसानों को इस घोषणा से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल के फैसले का सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीण स्वागत करते हैं।