जम्मू। यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (जेकेआरटीसी) अपने सभी जिलों के डीपो और स्टेशनों पर बसों की समयसारणी प्रदर्शित करे। यह निर्देश उपराज्यपाल के सलाहकार आरआर भटनागर ने जेकेआरटीसी के कामकाज और राजस्व की समीक्षा के दौरान दिए।
मंगलवार को सलाहकार ने सचिवालय में जेकेआरटीसी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें प्रमुख सचिव परिहवन, परिवहन आयुक्त, एमडी जेकेआरटीसी और मोटर गैरेज के निदेशक मौजूद रहे। इस दौरान सलाहकार ने जेकेआरटीसी में शामिल हुए नए वाहनों को उपयुक्त उपयोग करने को कहा, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा के साथ जेकेआरटीसी को राजस्व हासिल हो। उन्होंने अधिकारयों को जेकेआरटीसी को वित्त रूप से सशक्त बनने को कहा।
इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के कार्यान्वयन पर प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने एक जून से सभी नागरिक सेवाओं को डिजिटल करने को कहा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा, ऑनलाइन बस शेड्यूल, स्मार्ट स्टाफ प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सलाहकार ने कार्य संस्कृति और प्रबंधन में सुधार के लिए एक महीने के भीतर इन सभी तकनीकी हस्तक्षेपों को निगम में लागू करने को कहा।