अंशुल गर्ग किसानों की खराव हुए धान देखने पर वीडीसी चेयरमैन से वात करते हुए
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। उपायुक्त अंशुल गर्ग ने बुधवार को आरएस पुरा का दौरा कर बारिश व ओले गिरने से नष्ट हुई धान की फसल के साथ-साथ अन्य फसलों के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित किसानों को विश्वास दिलाया कि प्रशासन उनके नुकसान का मुआवजा मुहैया कराएगा।
राजस्व विभाग के कर्मियों की तरफ से बनाई जा रही रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। किसानों ने उपायुक्तको बताया कि शनिवार को क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश तथा ओले के कारण उनकी धान की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। किसानों की कमर टूट गई। किसानों ने उपायुक्त से कहा कि उन्हें कम से कम प्रति कनाल छह हजार मुआवजा मिलना चाहिए।
इस मौके पर उनके साथ डीडीसी सदस्य प्रो. गारू राम भगत, मीरां साहिब विद्या मोटन, बीडीसी अध्यक्ष मीरां साहिब दलीप कुमार तथा तरसेम लाल शर्मा, सरपंच गुरदीप सिंह सैनी सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच भी मौजूद थे। उपायुक्त ने कहा कि ओेले के कारण हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए वह आरएस पुरा पहुंचे हैं। किसानों से मुलाकात करने के बाद उन्हें पता चला है कि ओले के कारण किसानों का काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वह नष्ट हुई फसलों की सूची तैयार करें ताकि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सके। इस मौके पर सरपंच सीमा कुमारी, शाम लाल गोरख सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।