जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित पुलिस-पब्लिक बैठक में बोले एडीजीपी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। हमें सांबा के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा के अन्य निकटवर्ती जिलों में बढ़ती घुसपैठ, हथियारों व मादक पदार्थों की तस्करी, मवेशियों की तस्करी, आदि पर अंकुश लगाने के लिए एक कार्य योजना तैयार करनी चाहिए। हाल ही में हमने हीरानगर में हुए एक विस्फोट और घुसपैठ को पूरी तरह नाकाम किया है। यह बात एडीजीपी मुकेश सिंह ने सांबा में एक बैठक के दौरान कही।
जिला पुलिस कार्यालय में एसएसपी बेनाम तोश की देखरेख में मंगलवार को पुलिस-पब्लिक बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एडीजीपी मुकेश सिंह ने की। उनके साथ डीआईजी शक्ति पाठक, अतिरिक्त एसपी सुरिंदर चौधरी, आदि मौजूद रहे। एडीजीपी ने कहा कि तीन साल से पाकिस्तान की ओर से लगातार घुसपैठ की कोशिश की जा रही है, जिन्हें अपने स्तर पर नाकाम बनाया जा रहा है। अब नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। स्कूल व कॉलेजों में भी नशीले पदार्थों की गतिविधियों के मामले सामने आ रहे हैं। इन पर भी ध्यान देने की जरूरत है। मौके पर डीडीसी अध्यक्ष केशव शर्मा व लोगों ने पुलिस को सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के सुझाव दिए। साथ ही लोगों ने पुलिस को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। अधिकारियों ने लोगों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।