श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क तोड़ने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। शनिवार को पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआईयू) ने श्रीनगर के सौरा में दो ठिकानों पर छापा मारा। इसमें आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल सबूत हाथ लगे हैं। इससे पहले शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, अवंतीपोरा, पुलवामा, कुलगाम और शोपियां में राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने आतंकवाद से जुडे़ संदिग्ध लोगों के घरों की तलाशी ली थी।
एसआईयू के अनुसार पांपोर और कुलगाम में की गई कार्रवाई के बाद सौरा में राशन घाट के पास शिराज कॉलोनी गनई और शलबाफ मोहल्ला न्यू कॉलोनी जिनाब साहब आंचर में दो लोगों के घरों में तलाशी ली गई। तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर मिली सूचनाओं के आधार की जा रही यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यूनिट ने आधिकारिक बयान में बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आतंकवाद का समर्थन करने और उसे बढ़ावा देने वाले मददगारों की पहचान कर घाटी में आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करना है।
पाक से रची जा रही साजिशों का पता लगा रही एसआईए
सूत्रों के अनुसार शुरुआती चरण में एसआईए यह पता लगा रही है कि पाकिस्तान में बैठे मास्टरमाइंड पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर घाटी में आतंकी साजिशें रचने के साथ किस प्रकार आतंकवाद को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पाकिस्तानी हैंडलर कश्मीर घाटी में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-ताइबा, द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) जैसे आतंकी संगठनों के साथ मिलकर आतंकी मददगारों (ओजीडब्ल्यू) को सक्रिय कर आतंकवाद को बढ़ावा देने की फिराक में हैं। इनके पाकिस्तानी आकाओं की पहचान कर ली गई है।