धायल को एंबूलेंस में बिठा कर पीएचसी पौनी में ले जाते हुए।
- फोटो : REASI
पौनी। रियासी से पौनी की तरफ आ रही एक मिनी बस के ठंडा पानी क्षेत्र में एक मोड़ पर पलट जाने से उसमें सवार 12 यात्री घायल हो गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को पौनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से चार घायलों को रियासी जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक मिनी बस (जेके20-1927) पौनी की तरफ आ रही थी। इस दौरान ठंडा पानी में चालक से अनियंत्रित होकर वह बस सड़क के बीचोंबीच पलट गई। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ऐसा मंजर देखकर मौके से गुजर रहे अन्य वाहन फौरन रुक गए, और घायलों की मदद करने लगे। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को भी दुर्घटना की सूचना दे दी।
मौके पर पुलिस के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की एंबुलेंस भी पहुंची। इस दौरान चिकित्सा कर्मियों और पुलिस ने आम लोगों की सहायता से बचाव व राहत कार्य शुरू किया, और घायल हुए सभी यात्रियों को पीएचसी पौनी में लाया गया, जहां उनको प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में चार घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए उनको जिला अस्पताल रियासी भेज दिया गया।
दुर्घटना में ललिता देवी, मोहम्मद सादिक, सूरज राम, नीतू देवी, स्वर्णा देवी, मक्खनी देवी, पूजा देवी, धनी राम, मोहम्मद अशरफ तथा नीतू शर्मा समेत 12 लोग घायल हुए हैं। ये सभी लोग पौनी, सलून, रनसू, काहना, लेहड़, गूल और धनुआ के रहने वाले बताए जाते हैं।