रामबन में दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटरसाइकिल।
रामबन। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल के अशर इलाके में शनिवार शाम को विपरीत दिशा से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक एक बाइक (जेके19-7322) को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके परिणामस्वरूप मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपजिला अस्पताल बनिहाल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक की पहचान चारील बनिहाल निवासी साहिर सलीम (18) पुत्र मोहम्मद सलीम के रूप में की है। वहीं, घायल की पहचान हसीब मुश्ताक (19) पुत्र मुश्ताक अहमद निवासी चारील बनिहाल के रूप में हुई है। एसडीएच बनिहाल में चिकित्सा सहायता प्रदान करने के बाद विशेष उपचार के लिए घायल को घाटी स्थित जीएमसी अस्पताल अनंतनाग रेफर कर दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।