जम्मू। श्रीनगर से सीआरपीएफ कर्मियों को पंजाब लेकर जा रही तेज रफ्तार मेटाडोर ने ग्रेटर कैलाश में साइकिल सवार को रौंद दिया, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चपेट में आने से दो महिला सफाई कर्मचारी भी घायल हो गईं, जिनका जीएमसी जम्मू में उपचार जारी है। मृतक की पहचान भूप सिंह निवासी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई जो मौजूदा समय में सैनिक कॉलोनी में रहता था। घायलों में मंजीत पत्नी मंगरा राम और राज पत्नी सुरेंद्र कुमार दोनों निवासी वाल्मिकि मोहल्ला (विवेकानंद चौक, जम्मू) के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान मलविंद्र सिंह निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
बुधवार सुबह 10 बजे श्रीनगर से सीआरपीएफ कर्मी मेटाडोर (पीबी 02एएच 9739) के माध्यम से पंजाब जा रहे थे। जम्मू पहुंचते ही मेटाडोर चालक मार्ग भूल गया। इस दौरान ग्रेटर कैलाश में तेज रफ्तार और गलत दिशा में आगे बढ़ते समय साइकिल सवार को रौंद दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मेटाडोर की चपेट में आने से दो महिला सफाई कर्मी घायल हो गईं। घायलों को पुलिस की मदद से जीएमसी जम्मू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जा रही है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है। पुलिस ने मौके पर ही पंजाब निवासी मेटाडोर चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।