अखनूर। तहसील मैरा मेंदरिया क्षेत्र में मेटाडोर चालक का संतुलन बिगड़ने पर मेटाडोर पलट गई। इसमें पांच यात्री घायल हो गए। घायलों को अखनूर में उपचार के लिए दाखिल किया गया है। चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को शाम को गांव मैरा मेंदरिया से मैरा जगीर जा रही मेटाडोर जेकेओ 2 यू 8375 के चालक का संतुलन बिगड़ गया। और बस मंदिर के पास पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीखने चिल्लाने की आवाजें आनी लगीं। इस पर स्थानीय लोग पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पांच घायलों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों को अखनूर उप जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में राती देवी निवासी मैरा जगीर, करमों देवी निवासी मैरा जगीर, अजीत राज निवासी भलवाल, पोली देवी निवासी मैरा जगीर, दीपक वर्मा निवासी प्यान मैरा शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मौके से चालक और कंडक्टर फरार बताए जा रहे हैं। थाना प्रभारी हिलाल अजहर ने बताया कि मेटाडोर पलटने से पांच लोग घायल हुए हैं। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।