उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का सर्च आपरेशन अब भी जारी है। इस दौरान लश्कर के टाप आतंकी अबू हुरैरा द्वारा सुरक्षा बलों का घेरा तोड़ फरार होने की खबरें सामने आ रही हैं।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक बांदीपोरा में एक हफ्ते से ज्यादा समय से आतंकियों के खिलाफ सर्च अभियान जारी है। इस दौरान आतंकी अबू हुरैरा के फंसे होने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन बुधवार को सूत्रों से यह जानकारी प्राप्त हुई कि हुरैरा सुरक्षा घेरा तोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।
अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह दक्षिणी कश्मीर की ओर जा सकता है। इस आपरेशन में अभी तक सेना का एक जवान शहीद हुआ है। गौरतलब है कि 27 अक्तूबर को सुरक्षा बलों को जिले के सथरी इलाके में कुछ आतंकियों के होने की खबर मिली थी।
इसके बाद जिले के जंगली क्षेत्र में जम्मू कश्मीर पुलिस से स्पेशल आपरेशन ग्रुप, सेना की 13, 14, 22, 27, 29, 30, 31, 32 और 52 राष्ट्रीय रायफल, 7 पैरा और सीआरपीएफ के जवान आपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। खराब मौसम के चलते सुरक्षा बलों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।