अखनूर। पंचायत सुमाह क्षेत्र में जंगल में आग लगने से सैकड़ों कनाल जंगल जल कर राख हो गया है। वन विभाग और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू करने की कोशिश की, मगर सफल नहीं हो पाए। आग से बड़ी संख्या में जीव जंतुओं और वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।
पंचायत सुमाह के जंगल क्षेत्र सहित वन विभाग का कोलाजर में दो दिन से आग लगने पर करीब पांच सौ कनाल वन संपदा राख हो गई। वन संपदा में आम, आंवला, झीड़, नींबू सहित कीमती पेड़ भी आग की भेंट चढ़ गए हैं। आग की चपेट में वन विभाग का कोलजर आ जाने पर काफी नुकसान हुआ है। मंगलवार को वन विभाग की एक टीम ने आग बुझाने का प्रयास भी किया। इसके बावजूद भी आग पर काबू नहीं पाया गया। आग क्षेत्र के अन्य पंचायत टांडा सहित अन्य क्षेत्रों में फैल रही है।
ग्रामीण मदन लाल ने बताया कि दो दिन से जंगलों में आग लगने पर सैकड़ों कनाल जंगल जल करके राख हो गया है, जिसमें करोड़ों रुपये की वन संपदा जल गई है।
रेंज अफसर पवन कुमार ने बताया पंचायत सुमाह के जंगल क्षेत्र में आग लगी हुई बुझाने का प्रयास जारी है।