उपभोक्ता एवं जन वितरण मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने सोमवार को ट्रांसपोर्ट नगर नरवाल में लीगल मेट्रोलाजी विभाग के कार्यालय परिसर और प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। 1.47 करोड़ की राशि से बनाए कार्यालय परिसर की प्रयोगशाला में नापतौल के आधुनिक उपकरण लगाए हैं।
इसमें सोने की शुद्धता को जांचने के लिए कैरेट मीटर, मेडिकल उपकरणों, मोबाइल उपकरणों, जरूरी पदार्थों की जांच के उपकरण लगाए गए हैं। उपभोक्ता मंत्री ने कार्यालय परिसर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि विभाग की कार्यशैली में सुधार लाने की दिशा में यह एक और कदम है।
उन्होंने कहा बेहतर माहौल और स्टेट आफ द आर्ट लैब स्थापित होने से उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा करने में मदद मिलेगी और मुनाफाखोरी और मिलावटखोरी पर रोक भी लगाई जा सकेगी।
उन्होंने बाजार में काली भेड़ों की पहचान के लिए समाज और व्यापारी वर्ग को विभाग को अपना सहयोग देने की अपील की। मंत्री ने इस अवसर पर बताया कि आटो रिक्शा में 80 फीसदी मीटरिंग का काम पूरा हो गया है।