वर्षों से डबल लेन की राह देख रहे दियालाचक-छलां सड़क मार्ग के दिन जल्द बदल सकते हैं। एक ओर जहां केंद्र सरकार ने सीआरएफ में इजाफा किया है, वहीं लोकनिर्माण विभाग ने इस मार्ग को डबल लेन करने के लिए 75 करोड़ का प्रस्ताव सचिवालय भेज दिया है। उप मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में पड़ने से इस मार्ग को मंजूरी मिलने के आसार और भी बढ़ गए हैं।
राज्य में हाईवे के बाद घाटी जाने के लिए छोटा और महत्वपूर्ण दियालाचक्क छलां मार्ग अपनी खस्ताहालत के चलते वाहन चालकों के लिए दिक्कतें पैदा करता रहा है। दियालाचक्क से छलां तक धार रोड से मिलने वाले इस 26 किलोमीटर लंबे पहाड़ी संकरे मार्ग पर दिन-प्रतिदिन वाहनों की आवाजाही में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है।
खासकर बाहरी राज्यों से आने वाले मालवाहक वाहन घाटी जाने के लिए हाईवे से इस शार्ट कट मार्ग से जाना पसंद करते हैं, लेकिन डींगा अंब से लेकर गलक तक पहाड़ी और सिंगल लेन होने के कारण वाहन चालकों के लिए खतरे से कम नहीं है।