कठुआ/हीरानगर। पाकिस्तानी गोलाबारी के खिलाफ लोगों का गुस्सा थम नहीं रहा है। बुधवार को सीमावर्ती गांव बोबिया पहुंचे सर्व धर्म सेवा समिति के सदस्यों ने पाकिस्तान का झंडा जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पाकिस्तान को उसके ही तरीके से सबक सिखाया जाए।
समिति के जिला अध्यक्ष कार्तिक शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान आए दिन गोलाबारी कर अंतरराष्ट्रीय सीमा का माहौल खराब कर रहा है। बीएसएफ पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है, लेकिन पाकिस्तान बाज आने वालों में से नहीं है। आए दिन सीमावर्ती इलाके के लोगों को जान पर खेलना पड़ता है। कई तरह की दिक्कतें हैं जिन पर सरकार को भी गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि केंद्र और राज्य सरकार सीमावर्ती ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे।
समिति सदस्यों ने क्षेत्र के हालात का जायजा लिया। समिति सदस्य नवजोत सिंह सिद्धू ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या प्रशासन और सरकार तक पहुंचाई जाएगी। इस मौके पर अमित राजपूत, विश्व जमवाल, प्रिंस राजपूत, राघव शर्मा, राहुल खजूरिया आदि मौजूद रहे। ब्यूरो