बिलावर। किशनपुर-कोटी मार्ग पर यात्रियों से खचाखच भरी हुई एक मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई जबकि 19 लोग घायल हो गए। इनमें से चार को गंभीर हालत के चलते जीमएसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बुधवार का एक मिनी बस बिलावर से वाया किशनुपर कोटी गांव जा रही थी। कोटी मार्ग पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसा होते ही लोगों में चीख पुकार मच गई। जिसे सुन कर आसपास के ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने घायलों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां गंभीर रूप से घायल एक यात्री की मौत हो गई। उसकी पहचान प्रकाश चंद (65) पुत्र बिल्लू राम निवासी कोटी के रूप में हुई है।
घायलों में परवीण कुमार (25) पुत्र राम दास निवासी कोटी, शिवानी (22) पुत्री राज सिंह निवासी कोटी, ओमप्रकाश (18) पुत्र जोगिंद्र पाल निवासी हौटार, देसराज (53) पुत्र राम स्वरूप निवासी कोटी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए जीएमसी रेफर कर दिया। अन्य पंद्रह घायलों का उप जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। जिनमें से अधिक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
एडीसी जोगिंद्र सिंह राय, तहसीलदार विश्वजीत सिंह, एसडीपीओ शिवेंद्र सिंह जंबाल की देखरेख में गंभीर रूप से घायलों को जीएमसी भेजा गया। एडीसी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और हादसे के लिए जो कोई जिम्मेदार होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।