राजोरी। बथूनी स्थित कृषि भंडार केंद्र पर शनिवार सुबह दस बजे ही बीज समाप्त हो जाने की जानकारी मिलने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। कर्मचारियों पर बीज की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को तितर बितर किया। पुलिस की लाठी से दो किसान घायल हो गए।
बथूनी स्थित कृषि भंडार केंद्र पर शनिवार दस बजे किसान पहुंचे। किसानों को पता चला कि विभागीय लोग मिली भगत कर सुबह छह बजे की केंद्र खोलकर बीज की बिक्री कर दिए। समय पर पहुंचे किसानों को विभागीय लोगों ने बीज समाप्त हो जाना बताया तो किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और कृषि विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। इस बीच उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का बिल्कुल ही ध्यान नहीं रखा। जानकारी होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठी चार्ज कर भीड़ को तितर बितर कर दिया। लाठी चार्ज में दो किसान मोहम्मद शफीक और अब्दुल रशीद घायल हो गए। हालांकि उन्हें हल्की चोटें आईं। इस संबंध में चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर राजोरी वीके भगत ने बताया कि केंद्र से बीज नहीं मिलने पर नाराज किसानों ने कृषि विभाग के कर्मचारियों पर बीज की कालाबाजारी का आरोप लगाया है। कहा कि वे इसकी जांच करेंगे। अगर विभाग का कर्मचारी अथवा अधिकारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों को भरोसा दिया कि बीज की कोई कमी नहीं है। किसानों को बीज उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है।