उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह
- फोटो : फाइल, अमर उजाला
सेना ने कहा है कि पीओके में एलओसी से लगते विभिन्न ट्रेनिंग कैंप में 500 आतंकी घुसपैठ करने के लिए तैयार बैठे हैं। पाकिस्तान के सहयोग से घाटी में अशांति फैलाने के लिए 200 से 300 आतंकी सक्रिय हैं।
उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा कि घुसपैठ के लिए तैयार बैठे आतंकियों की संख्या ट्रेनिंग के अनुसार घटती बढ़ती रहती है। चाहे आतंकियों की संख्या कुछ भी हो, सेना उन्हें रोकने में सक्षम है ताकि घाटी में शांति रहे और सामान्य हालात बहाल रहे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से लगातार घाटी में शांति तथा सौहार्द्र को बाधित करने की कोशिश की जाती है।
यहां तक कि आज भी पाकिस्तानी सेना तथा उसकी एजेंसियों की ओर से पाकिस्तान के भीतर आतंकवाद को बढ़ाया जा रहा है। इसमें लांचिंग पैड पर आतंकियों को ट्रेनिंग भी शामिल है जिसमें वह देश में घुसपैठ कर सकें। पाकिस्तान आतंकियों को हर प्रकार का सहयोग कर रहा है तथा सुविधाएं दे रहा है।
ड्रोन से हथियारों की सप्लाई पाकिस्तान की नई मोडस आपरेंडी
उन्होंने कहा कि ड्रोन से हथियारों की सप्लाई पाकिस्तान की नई मोडस आपरेंडी है। पंजाब में ड्रोन से हथियार गिराए जाने संबंधी सवाल पर कहा कि सेना पाकिस्तान की किसी भी नापाक हरकत को नाकाम करने में सक्षम है। उनके नापाक इरादे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने पाएंगे।