विधानसभा चुनाव शुरू होने से लेकर अब तक मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय में चुनाव आचार संहिता से संबंधित 478 शिकायतें दर्ज हुई हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी उमंग नरुला के अनुसार इनमें से 248 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है और 232 पर अभी जांच जारी है।
नरुला का कहना है कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत हर शिकायत पर पूरी जांच की गई है और आयोग के नियमानुसार ही इनका निपटारा किया जा रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी का कहना है कि जम्मू कश्मीर में साफ सुथरे और पारदर्शी तरीके से चुनाव करवाने के लिए हर तरह के एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
11725 लाइसेंसी हथियारों को जमा किया गया और छह लाइसेंस भी जब्त किए गए। इसके अलावा 2511 मामलों को सीआरपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत लिया गया। 5633 व्यक्तियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए। मुख्यमंत्री चुनाव अधिकारी उमंग नरुला का कहना है कि रियासत में विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव अभियान में 92 हिंसा से संबंधित मामले प्रकाश में आए।
इन मामलों में 117 लोग घायल हुए हैं। उनका कहना है कि उड़नदस्तों ने 1305 सीजीआई शीटों को जब्त किया। 80 पाइपें, चालीस वाहनों और 19 बोतल शराब, 110 लाख नकद राशि और चुनाव संबंधित अन्य सामग्री को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के चलते जब्त किया गया।