मनरेगा का 43 फीसदी लक्ष्य हुआ पूरा
- फोटो : Demo Pic.
जम्मू कश्मार स्टेट लेबल विजलेंस एंड मानीटरिंग कमेटी (एसएलवीएमसी) की पहली बैठक सोमवार को ग्रामीण विकास, कानून एवं न्याय मंत्री अब्दुल हक खान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बताया कि मनरेगा के तहत शुरू किए गए 64149 कार्यों में से विभाग अभी तक केेवल 27285 कार्य ही पूरे कर पाया है। 43 फीसदी लक्ष्य ही हासिल हुआ है।
योजना के तहत सरकार ने 10.40 लाख युवाओं को रोजगार मुहैया करवाना है। इनमें 3.86 लाख महिलाएं और 5953 पुरुष शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार ने एसएलवीएमसी का गठन कर विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की अगुवाई में गठबंधन सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। इस अवसर पर केंद्रीय प्रायोजित विभिन्न योजनाओं जिसमें मनरेगा, एनआरएलएम, आईडब्लूएमपी, पीएमजीएसवाई, एसबीएम, आईसीडीएस, एसएसए, एमडीएम और नेशनल हेल्थ मिशन पर हो रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई।
बैठक में विधायक एम वाई भट्ट, आरएस पठानिया और शाह मोहम्मद तांत्रे के अलावा विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर बताया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 42000 शौचालयों का निर्माण करवाया गया। इसके लिए उपलब्ध 37.83 करोड़ की राशि में से 17.31 करोड़ की राशि खर्च की गई है।