उधमपुर के नगरोटा इलाके में सोमवार शाम को लोगों ने घर का ताला तोड़ते हुए चोर को रंगे हाथ पकड़ा। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पकड़े गए चोर के अनुसार दो लोग उसको चोरी का प्रशिक्षण दे रहे थे।
जानकारी अनुसार शाम करीब साढ़े चार बजे बच्चों ने एक युवक को इश्तियाज अहमद के घर का ताला तोड़ते हुए देखा और तुरंत इसकी जानकारी घर जाकर परिवार के सदस्यों को दी। जानकारी मिलने पर लोग मौके पर पहुंच गए और घेर कर चोरी करने वाले युवक को पकड़ लिया। युवक को रस्सी के साथ बांधने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई और युवक से पूछताछ करने लगे। युवक ने बताया कि उसके साथ दो लोग आए थे।
दोनों लोग उसको पिछले कुछ दिनों से ताला तोड़ने का प्रशिक्षण दे रहे थे। दोनों ने इश्तियाज अहमद के घर का ताला तोड़ कर चोरी करने को कहा था। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक नशे में पूरी तरह से धुत्त था और बार बार पुलिस को अलग अलग बयान दे रहा था। पुलिस ने उसी समय युवक को गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन पहुंचाया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इससे पहले नगरोटा में दो बार चोरी हुई और अभी तक पुलिस न तो चोरों को पकड़ पाई है और न ही सामान बरामद कर पाई है। इस बार स्वयं लोगों ने ही चोर को रंगे हाथ पकड़ा है। उम्मीद है कि पकड़े गए चोर से पूछताछ के बाद पहले के चोरी के मामले की भी सुलझ जाएं।