कठुआ। सब्जी और फ्रूट विक्रेताओं को मंगलवार से शहर के कोर्ट रोड से सटी मंडी से भरमोरा सेटेलाइट मंडी में शिफ्ट करने पर विक्रेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आदेश जारी होने के बाद फ्रूट सब्जी विक्रेता जिला उपायुक्त से भी मिलने पहुंचे जिसके बाद शाम के समय उन्होंने फैसले का विरोध जताते हुए कोर्ट रोड स्थित मंडी में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार अवतार सिंह और डीएसपी मुख्यालय एसएस संब्याल ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जिला जेल के नजदीक नगरी कठुआ मार्ग को जामकर नारेबाजी की। प्रशासन ने फ्रूट सब्जी विक्रेताओं को दो दिन की मोहलत देते हुए भरमोरा शिफ्ट होने की हिदायत दी है।
प्रदर्शनकारियाें ने बताया कि मंडी ने बताया कि फिलहाल नई मंडी के लिए मार्ग नहीं है। जो व्यापारी नई मंडी में दुकानों की अलाटमेंट में रह गए हैं उन्हें भी वहां व्यवस्था दी जाए। मंडी के उद्घाटन के समय 58 दुकानें अलाट की गई थीं। स्थानीय दस लोगों को छोड़कर बाद में दस बाहरी लोगों को सेटेलाइट मंडी में दुकानें दी गईं। कुल 62 में से 30 से अधिक दुकानें बन चुकी हैं। कई बार पुल बनाने की मांग विभाग से की जा चुकी है, लेकिन शहर से सीधा जोड़ने का कोई संपर्क नहीं है। नगर परिषद की ओर से नई बनी दुकानों के लिए राजस्व एकत्रित किया, लेकिन वो कहां गया यह जांच का विषय है। कई फाइलों को लटकाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पहले शहर से सीधा संपर्क जोड़ा जाए उसके बाद ही उन्हें कोर्ट रोड स्थित मंडी से शिफ्ट किया जाए।