नौशेरा। हर दिन पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जाने के खिलाफ सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान लोगों ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि नरेंद्र मोदी जब प्रधानामंत्री मंत्री नहीं बने थे और चुनाव के लिए प्रचार कर रहे थे, तो उन्होंने हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये आने और अच्छे दिन लाने का वादा किया था, लेकिन जिस तरह से आज महंगाई आसमान छू रही है, इससे तो पहले के दिन ही ज्यादा अच्छे थे।
लोगों ने मोदी सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि कर्नाटक चुनाव के बाद उसने पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ने दिए, लेकिन वहां हार मिलने के बाद हर दिन पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर आम जनता का दिवाला निकाल रही है। इससे न सिर्फ वाहन चालकों वरन व्यापारियों व आम लोगों में भी मोदी सरकार के खिलाफ भारी रोष है।
गोपाल शर्मा, राजेश ईतन, रमेश चौधरी, अनिता शर्मा, सौरभ शर्मा आदि ने केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि पेट्रोल ओर डीजल की कीमतों में उछाल ने घर का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। इस कारण आम जनता को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि वे जल्द पेट्रोल व डीजल की कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठाएं, नहीं तो जनता सड़क पर उतर कर इसका जवाब देगी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब चुनाव करीब होते हैं, तो सभी दल बड़े-बडे दावे करते हैं। भाजपा ने भी महंगाई कम कर अच्छे दिन लाने के सपने दिखाए थे, पर आज तो सबसे बुरे दिन आ गए हैं।