हीरानगर। छन्न दितयाल गांव में शुक्रवार को बिजली का जर्र्जर तार टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय गली में कोई मौजूद नहीं था। बिजली के पुराने तारों को नहीं बदलने पर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत करवाने के बाद भी उनकी बात नहीं सुनी जा रही है।
कांग्रेसी पाटी के नेता रोमी शर्मा ने कहा कि गांव में लगे बिजली के तार कई साल पुराने हैं। इस समय ये तार जर्जर हो गए हैं और अक्सर टूटते रहते हैं। शुक्रवार को भी तार टूट कर गली में गिर गया। हालांकि उस समय कोई गली में नहीं था, नहीं तो कुछ भी हो सकता था। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। एक सप्ताह में दूसरी बार यह तार टूटा है। पिछली बार भी कर्मचारियों ने टूटे तार को जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी थी। उन्हाेंने कहा कि उप मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार गांवों में सुविधाएं देने के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीनी धरातल पर कुछ नहीं किया जा रहा है। डिप्टी सीएम के पास बिजली का भी कार्यभार है। ऐसे में उनको गांवों में घूम कर हालात का जायजा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराने तारों को बदलने की मांग पर गांव को शिष्टमंडल बिजली विभाग के अधिकारियों से मिला था, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द जर्जर तारों को नहीं बदला गया, तो वे अब आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर सेठू शर्मा, सुदेश कुमारी, रीना वर्मा, आशा रानी, संतोष कुमारी, चंचला देवी, रेनु वाला, निर्मला देवी आदि मौजूद रहे।