कठुआ। पंचायत छन्न अरोड़ियां में रेलवे विभाग द्वारा क्रासिंग पर फ्लाई ओवर नहीं बनाने पर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने रेलवे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल ग्रामीणों ने कहा कि रेलवे से उन्होंने हेमकुंड एक्सप्रेस का स्टाप बनाने और क्रसिंग पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की थी। दोनों मांगों पर विभाग की ओर से कोई गंभीर प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को हेमकुंड से यात्रा करने के लिए पहले हीरानगर मोड़ जाना पड़ता है और उसके बाद वहां से आटो लेकर हीरानगर रेलवे स्टेशन। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पहले कुछ समय के लिए स्टाप था लेकिन रेलवे की ओर से बंद कर दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्रासिंग गांव के बीचों बीच है और ऐसे में फ्लाईओवर की मांग की गई थी। लेकिन, विभाग की ओर मात्र आश्वासन ही मिले। उन्होंने कहा कि वह पीएमओ मंत्री से भी इस बारे में बात कर चुके हैं और उन्होंने भी आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है। ऐसे में हादसों की आशंका के साथ साथ परेशानी भी है। अगर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह उग्र रुख अपनाने के लिए मजबूर होंगे।