जम्मू। जम्मू संभाग में बिजली विभाग में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों ने लंबित वेतन जारी करने और नियमित करने की मांग को लेकर रोष रैली निकाली। भगवती नगर स्थित चीफ इंजीनियर कार्यालय परिसर से ज्यूल चौक तक निकाली गई रैली में प्रदर्शनकारियों ने सरकार व बिजली विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाया।
जेएंडके नीड बेस, कैजुअल लेबर यूनियन पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट जम्मू यूनियन के बैनर तले निकाली गई रैली में प्रधान अखिल शर्मा ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। सरकार को जल्द मांगों को पूरा करना चाहिए। उन्होंने 3405 नीड बेस, कैजुअल लेबर कर्मचारियों का लंबित वेतन जारी करने, एसआरओ 381 को लागू करने और आउटसोर्स कर्मचारियों का वेज हेड बना कर नियमित वेतन जारी करने की मांग भी उठाई।
इसी बीच राज्यपाल के सलाहकार व बिजली विभाग का जिम्मा देख रहे केके शर्मा से शुक्रवार को अस्थायी कर्मचारियों की मुलाकात तय हुई है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार इस मुलाकात के बाद अगली रणनीति का ऐलान किया जाएगा। रैली में इस अवसर पर शाम शर्मा, बिलाल बशीर, अब्दुल गनी, सलीम, साजिद, दलजीत, गुरमेल और आशीष वर्मा आदि शामिल रहे।