जीरो मोड़ स्थित तलवाड़ा क्षेत्र में फिर हुई चोरी की वारदातों से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है। बुधवार को हुई घटनाओं के विरोध में लोगों ने रियासी-पौनी मार्ग को जाम कर पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष जताया। ज्ञात रहे कि एक माह पहले भी जीरो मोड़ इलाके में बाली और प्रीतम मोेबाइल शॉप में चोरों ने सेंध लगाई थी। इस दौरान चोरों ने मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया था।
बुधवार रात को भी चोरों ने फिर से इन्हीं दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के मोबाइल व लैपटॉप उड़ा लिए। वीरवार सुबह वारदात की जानकारी मिलते ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने मार्ग बंद कर जम कर नारेबाजी की। इस मौके पर आक्रोशित लोगों ने कहा कि पहला चोरी का मामला अभी सुलझा नहीं और अब फिर से चोरी हो गई। पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। मौके पर पहुंचे डीएसपी निखिल गोगना ने बताया कि पहले चोरी हुए मोबाइल के आईएमइआई नम्बर के जरिये जांच जारी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस अधिकारी से मिले आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ, जिसके बाद मार्ग खोल दिया।
-----------------------------
इनसेट
यात्रियों को करना पड़ा समस्याओं का सामना
चोरी की घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मार्ग कर दिया था। इस कारण शिवखोड़ी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।