कठुआ। जम्मू में एनएचएम कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को गुस्साए कर्मियों ने स्वास्थ्य मंत्री का पुतला जलाया। इसके साथ ही जिला अस्पताल से लेकर जिला सचिवालय और फिर वापस सीएमओ कार्यालय तक रोष रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार अब यह जान ले कि उन पर बार-बार लाठीचार्ज कर उन्हें सड़कों पर आने को मजबूर कर दिया है।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे प्रदीप सिंह ने कहा कि सरकार से वह केवल अपने हक की मांग कर रहे हैं। इतने साल उन्होंने सरकार की सेवा की और सरकार ने उन पर सेवा के लिए नियमित करने के बजाए लाठियां बरसाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री बार बार उन्हें गुमराह करते रहे कि उनके लिए वह नीति बना रहे हैं और इसके लिए वह काम भी कर रहे हैं। लेकिन गत दिवस ही उन्होंने विधानसभा में जवाब देते हुए साफ कर दिया कि उनके पास एनएचएम कर्मचारियों के लिए कोई योजना नहीं है। यानी पिछले इतने दिनों से सरकार उन्हें धोखा दे रही थी और उन्हें गुमराह किया जा रहा था।
‘सरकार को अब सड़कों पर ही देंगे जवाब’
प्रदर्शनकारियों में शामिल महिला स्टाफ ने कहा कि सरकार ने पुलिस को आदेश देकर उनपर लाठियां बरसाई हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देते हैं और दूसरी ओर राज्य सरकार बेटियों को घसीट घसीट कर पीटती है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिस प्रकार से महिलाओं को पीटा है, साफ है कि प्रधानमंत्री के नारे का कितना पालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के स्थान पर बेटी पढ़ाओ और लाठियां बरसाओ का नारा देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर सरकार ने उन्हें पीटना ही है तो सरकार को अब सड़कों पर ही जवाब दिया जाएगा।