उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर से सटी एलओसी के पास सेना ने शनिवार को एक मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों को मार गिराने का दावा किया है।
सेना के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उड़ी सेक्टर में एलओसी के करीब लच्छीपुरा जंगल में तैनात 17 जैक रिफ के जवानों ने शनिवार दोपहर घुसपैठ कर रहे आतंकियों के एक दल को ललकारा।
इस दौरान आतंकियों को आत्मसमर्पण करने को कहा गया लेकिन उन्होंने जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
थोड़ी ही देर में जवानों और आतंकियों में भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया है। देर रात तक आपरेशन जारी था। सूत्रों की मानें तो यह एक बड़ा दल है, जो घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था।