उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर में सेना ने एलओसी लांघकर भारतीय क्षेत्र में घुस आए दो आतंकियों को मार गिराया। कुछ और आतंकियों के इलाके में होने की आशंका के चलते देर रात तक आतंकियों की धरपकड़ को सेना का आपरेशन जारी था। सैन्य सूत्रों के मुताबिक आतंकियों से मुठभेड़ में सेना का जवान भी घायल हुआ है।
हालांकि, सेना की ओर से फिलहाल किसी आतंकी के मारे जाने और जवान के घायल होने की पुष्टि नहीं की गई है।सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ आतंकी मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि केरन सेक्टर में एलओसी पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस आने में सफल हो गए थे।
बुधवार सुबह ईगल पोस्ट पर तैनात 26 राजपूत के जवानों ने इलाके में संदिग्ध लोगों की मूवमेंट दर्ज की थी। इस पर सेना के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की धरपकड़ को तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान दोपहर बाद आतंकियों ने सेना के जवानों पर फायरिंग कर दी। सेना की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। पर कुछ देर बाद ही दोनों ओर से फायरिंग बंद हो गई। पर आतंकियों के खिलाफ सेना का आपरेशन जारी रहा।
सैन्य सूत्रों के मुताबिक शाम करीब साढ़े सात बजे एक बार फिर आतंकियों और जवानों में मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया। इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते सेना का आपरेशन जारी था।