चिनैनी। क्षेत्र में बुधवार की देर रात को गुल हुई बिजली वीरवार की शाम को बहाल हो सकी। करीब पंद्रह घंटे तक बिजली बंद रहने से लोगों को कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ीं। खासकर बिजली पर निर्भर दुकानदारों का काम प्रभावित रहा। विधार्थी भी परेशान रहे।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर रात को क्षेत्र में बिजली अचानक गुल हो गई। बिजली बंद होने के बाद लोगों को बिना पंखे के ही रात गुजारनी पड़ी। वीरवार को भी दिनभर लोग परेशान रहे। उधर, विभाग के कर्मियों ने बताया कि 33केवी लाइन के तार गिरने के कारण बिजली बंद हुई। सुबह से ही विभाग के कर्मी बिजली बहाल करने के लिए उधमपुर से चिनैनी के बीच कई जगहों पर फाल्ट ढूंढने में लगे हुए थे। जब चम्पयाड़ी के पास पहुंचे, तो तार गिरे देखा। इसके बाद विभाग के कर्मी बिजली बहाल करने में जुट गए। शाम करीब साढे़ चार बजे बिजली बहाल हो सकी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। विभाग के एईचई किरण गुप्ता ने कहा कि 33केवी के तार गिरने के कारण सेवा प्रभावित हुई थी।