रियासी/पौनी। स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए वीरवार को रियासी के अलावा पौनी में रैली निकाली गई। रियासी में वैष्णो देवी बीएड कालेज के विद्यार्थियों के अलावा लारेंस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी रैली निकाली।
कालेज से निकाली गई रैली विभिन्न स्थानों से होते हुए गुजरी। इस दौरान रैली में शामिल विद्यार्थियों ने जागरूकता से संबंधित नारे भी लगाए। रैली में शामिल कालेज के छात्र तथा छात्रा ने कतार मेें आगे बढ़ते हुए स्वच्छता के बारे में लोगों को जागरूक किया। इस दौरान लोगों को अपने घरों के अलावा आसपास साफ-सफाई का ध्यान रखने को कहा गया। उधर, पौनी में भी ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारियों ने रैली निकाल कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली में शामिल महिलाओं ने दुकानदारों को साफ-सफाई के बारे में जागरूक किया। इस दौरान कूड़ा आदि खुले में फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालने के लिए कहा।