उधमपुर। केंद्र सरकार की तरफ से मानदेय में बढ़ोतरी किए जाने के बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर ने मंगलवार को हड़ताल को खत्म करने का एलान कर दिया। आंगनबाड़ी ने कहा कि बुधवार से सभी अपने सेंटर खोल कर काम में जुट जाएंगी। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने बताया कि केंद्र सरकार ने 1500 रुपये मानदेय में बढ़ोतरी कर दी है।
गौरतलब है कि 15 दिन पहले आंगनबाड़ी वर्कर्स ने शहीद भगत सिंह पार्क में धरना देकर प्रदर्शन शुरू किया था। सभी ने राज्यपाल की तरफ से 500 रुपये मानदेय में बढ़ोतरी करने का विरोध किया था। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने कई दिनों तक शहीद भगत सिंह पार्क और आईसीडीएस कार्यालय के बाहर धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था, लेकिन मंगलवार को अचानक ही हड़ताल को खत्म करने का एलान कर दिया।
आंगनाबाड़ी वर्कर्स एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष अंजू शर्मा ने बताया कि सुबह ही केंद्र सरकार की तरफ से 1500 रुपये मानदेय बढ़ाने की सूचना मिली, जिसके बाद सभी में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने आंगनबाड़ी के साथ हेल्पर के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। राज्यपाल और केंद्र सरकार की तरफ से बढ़ाए मानदेय के बाद अब राज्य में आगनबाड़ी वर्कर्स को 5600 और हेल्पर को 3500 रुपये मानदेय मिलेगा। एक मांग पूरी होने के बाद हजारों आंगनबाड़ी वर्कर्स ने राहत की सांस ली है। अब मांग पूरी होने के बाद सभी ने हड़ताल को खत्म करने का एलान कर दिया है, लेकिन अन्य लंबित मांगों के लिए अपना संघर्ष इसी तरह से जारी रखेंगी।