जम्मू। जम्मू नगर निगम के राजस्व वसूली, यूजर चार्जेस में डिजिटल को बढ़ावा देने के लिए आन लाइन फाइल ट्रैकिंग सिस्टम और पीओएस मशीन को अपनाया जाएगा। निगम आयुक्त पंकज मगोत्रा ने यह जानकारी शुक्रवार हुई बैठक में दी, जिसमें विभागीय अधिकारियों से नई व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि निगम डाटा इंट्री के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन लांच करेगा, जिसमें आवासीय और व्यवसायी तौर पर यूनीक ग्राहक आईडी जनरेट कर टैक्स और किराये का भुगतान कर सकेंगे। विभागीय अधिकारियों को आन लाइन फाइल ट्रैकिंग सिस्टम को एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। डिजिटल डाटा इंट्री मोबाइल एप से जीआईएस लोकेशन और आवासीय व व्यवसायी इमेज को देखने में मदद मिलेगी। निगम फ्लैट, दुकानों, गोदामों, यूजर चार्जेस आदि की पीओएस मशीनों से राजस्व जुटाएगा।