अरनिया। पाक में हुई वायु सेना की कार्रवाई के बाद सीमा पट्टी को पूरी पहले से सील करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। वहीं लोगों के मन में एक ही सवाल घूम रहा है कि क्या पाकिस्तान कोई कार्रवाई करेगा। हालांकि मौजूदा समय में सीमा के उस पार भी अभी तक स्थिति सामान्य ही है। उस पर राज्य व स्थानीय प्रशासन की ओर से भी ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है, जिससे दहशत महसूस की जाए। फिर वायु सेना की अब तक की कार्रवाई से लोगों में थोड़ी दहशत जरूर है।
पाकिस्तान के खिलाफ की गई वायु सेना की कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए सीमा पर अतिरिक्त सुरक्षा बल को तैनात किया गया है, जबकि ग्रामीण हलकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला हुआ है। पाकिस्तान की तरफ से जवाबी कार्रवाई के लिए मन में उठ रहे सवालों के जवाब में करीब चालीस प्रतिशत लोगों का मानना है कि इतना बड़ा जानी नुकसान होने के बाद पाकिस्तान के नापाक इरादे कभी भी बदल सकते हैं, हो सकता है वो एक दो दिन में ही गोलाबारी या किसी अन्य विकल्पों से नुकसान पहुंचाने का दुस्साहस करेगा, जबकि साठ प्रतिशत का कहना है कि इतना बड़ा प्रहार होने के बाद पाक कभी भी जवाबी कार्रवाई का दुस्साहस नहीं करेगा। रही बात एक दो दिन की तो चार पांच दिन तो मारे गए आतंकियों के शवों को ही समेटने में लग जाएगा।
--------------------
-अलर्ट
आरएस पुरा की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी चौकसी
अमर उजाला ब्यूरो
आरएस पुरा। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के चलते मंगलवार सुबह पाकिस्तान क्षेत्र में वायुसेना ने बालाकोट में आतंकी शिविरों पर हमला किया। इसके बाद आरएस पुरा सेक्टर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी चौकसी की व्यवस्था के बाद सीमा सुुरक्षा बल मुस्तैदी के साथ पाक क्षेत्र में चल रही गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। सीमा सुरक्षा बलों के साथ उनके सहयोग के लिए सेना को भी सीमा के साथ सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सेना को भी तैनात किया गया है। मंगलवार को सेना के जवानों को बंकरों की साफ-सफाई करते देखा गया है। प्रशासन की तरफ से अलर्ट जारी करने के साथ संवेदनशील क्षेत्र में कड़ी नजर रखी जा रही है। निक्की तवी के साथ पाकिस्तान क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल के जवान सतर्कता के साथ विशेष नजर रख रहे हैं।
पाक आतंकी शिविरों पर हमले से सीमा पर तनाव
सीमावर्ती ग्रामीणों को सताने लगी चिंता
अमर उजाला ब्यूरो
सांबा। वायु सेना के जहाजों ने मंगलवार को पीओके में आतंकी शिविरों पर हमला कर कैपों में रह रहे आतंकियों को मार गिराया। इसके बाद भारत-पाक सीमा पर तनाव बन गया है। सीमावर्ती ग्रामीणों को चिंता सता रही है कि अब कहीं पाक की ओर से भी गोलाबारी न हो जाए।
सीमावर्ती गांवों के ग्रामीण मंगलवार को दिन भर टीवी के सामने बैठे रहे व पल-पल की जानकारी लेते रहे। हालांकि दोपहर को कुछ टीवी चैनल ने सांबा सेक्टर में पाकिस्तानी गोलाबारी की खबर भी प्रसारित कर दी, जिस पर लोगों में भय बना रहा। ग्रामीणों ने अपने बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाने का भी मन बना लिया। कुल मिला कर सीमा पर तनाव के चलते ग्रामीण काफी पशोपेश में हैं।
जिला प्रशासन की ओर से सीमावर्ती ग्रामीणों के साथ बैठकें कर उन्हें सतर्क रहने के बारे में कह रहे हैं व अफवाहों पर ध्यान नहीं देने बारे भी कहा जा रहा है। जिले के सीमावर्ती गांव बैनगलाड में डीएसपी दीपक ढींगरा ने ग्रामीणों के साथ बैठक की व ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा। लोगों को कहा गया है कि वह सीमा के निकट खेतों में न जाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें। राजपुरा, चक दुल्मा और कंगवाला आदि के सीमावर्ती ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।
सीमा पर बने तनाव के चलते सेना ने भी सक्रियता बढ़ा दी है। रक्षा सूत्रों के अनुसार की पाक आतंकी शिविरों पर हमले से सीमा पर बने तनाव के चलते सेना को भी सतर्क कर दिया गया है। सेना के जवान भी पूरी तैयारी में।
फोटो- कैप्शन 1 परगलवा में डरे सहमे सीमावर्ती क्षेत्र के लोग।
वायु सेना की कार्रवाई से सरहद पर खुशी के साथ दहशत
पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के ट्रेनिंग कैंप तबाह किए
अमर उजाला ब्यूरो
परगवाल। पाकिस्तान पर की गई वायु सेना की कार्रवाई का सीमा क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया है। भाजपा के मंडल प्रधान रमेश खजूरिया ने कहा कि जिस तरह से वायु सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के ट्रेनिंग कैंप तबाह किए हैं ये नरेंद्र मोदी के 56 इंच सीने का ही कमाल है। हालांकि क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सीमावर्ती लोगों को फायरिंग का डर सताने लगा है। गांव भलवाल मूलो के गिरधारी शर्मा ने कहा कि वह इस कार्रवाई से खुश हैं, लेकिन माथे पर तनाव भी है। क्योंकि अगर भारत-पाक के बीच फायरिंग शुरू हो जाती है तो वह अपने बच्चों को साथ लेकर सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंच पाते हैं, क्योंकि परगवाल से सुआ नंबर-1 निकलने वाला एकमात्र रास्ता हमेशा फायरिंग रेंज में रहता है।
मंगलवार सुबह जैसे ही सरहद पर बसे गांव हमीरपुर, देवराएराजपुरा, जमुना बेला, निकोबाल, छनी ताना, नजवाल और महंता दी पट्टियां के लोगों को भारत की तरफ से की गई कार्रवाई का पता चला लोगों में दहशत फैल गई। पूरा दिन लोग टेलीविजन के सामने बैठकर हाल जानते रहे। कुछ लोग ऐसे भी थे जो इस कार्रवाई से खुश थे, लेकिन ज्यादातर लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा रही थीं। क्योंकि उनको अब सुरक्षित स्थानों पर जाने की चिंता सताने लगी है। उनका कहना था कि पाकिस्तान कभी भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है। इसलिए वह आम लोगों को निशाना बनाकर फायरिंग कर सकता है। वहीं भारत-पाक सीमा पर बसे परगवाल सेक्टर को भी अलर्ट पर रखा गया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सीमा पर तनाव भरी खामोशी छाई
अखनूर। वायु सेना की पाकिस्तान के खिलाफ की गई कार्रवाई से सीमा पर सुरक्षा बलों को अलर्ट किया गया है। वहीं सीमा पर तनाव भरी खामोशी छाई हुई। सीमावर्ती क्षेत्र में भय का महौला है।
सोमवार की आधी रात के बाद पीओके में आतंकी शिविरों में हवाई हमले के बाद परगवाल, छंब और केरी सब सेक्टरों में सुरक्षा बलों को सीमा पर चौकसी के सतर्क किया गया है। कभी भी सीमा पर गोलाबारी शुरू हो जाएगी।
लोगों को कहना है कि जब भी दोनों देशों में तनाव होता है। हमेशा ही सीमा पर गोलाबारी शुरू हो जाती है। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को जानमाल की हानि उठानी पड़ती है। ऐसे में प्रधानमंत्री को इस पर आरपार का युद्ध करके पाकिस्तान को सबक सिखाना ही चाहिए। ब्यूरो
-------
सीमावर्ती क्षेत्र के लोग दहशत में
रामगढ़ । एयरफोर्स की तरफ से पाकिस्तान में आतंकी कैंपों पर किए गये हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ। रामगढ़ सीमावर्ती क्षेत्रों के कुछ लोग घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। आतंकी कैंप पर हमले के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में हाई अलर्ट है। भारत-पाक के बीच बने तनाव का लोगों की जिंदगी पर बुरा असर पड़ रहा है। दोनों देशों के बीच माहौल खराब होते ही क्षेत्र के लोग सिहर उठे हैं। जनवरी 2018 में पाक द्वारा दागे गए मोर्टार के गोले सीमावर्ती गांव की उस दूरी तक पहुंचे जहां पर कभी युद्ध जैसे माहौल में गोलाबारी नहीं हुई थी। इसकी चिंता ने लोगों का सुख चैन छीन लिया है। लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि माहौल शांत हो जाए। ब्यूरो