उधमपुर। फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर्स (एफएमएचडब्ल्यू) की हड़ताल से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद हेल्थ वर्कर्स हड़ताल बंद करने को तैयार नहीं है। एफएमएचडब्ल्यू ने वीरवार को हड़ताल को जारी रखते हुए सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना देकर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान मीमा देवी व अन्य एफएमएचडब्ल्यू ने बताया कि इसी महीने स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में एमआर टीकाकरण सहित कई अभियान की शुरूआत करनी है। बिना वेतन के फीमेल मल्टीपर्पज इसमें हिस्सा लेने को तैयार नही है। बिना वेतन के उनके लिए अब काम करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण ही सभी काम बंद कर हड़ताल करने को मजबूर हुई हैं। वेतन न मिलने के कारण सभी की आर्थिक परेशानियां दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और सभी कर्ज के बोझ तले दबती जा रही है। परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी को मजबूरन कर्ज लेना पड़ रहा है। वेतन न मिलने के कारण दो हजार से अधिक एफएमएचडब्ल्यू वर्कर्स परेशानियों से जूझ रही हैं। जब तक वेतन नहीं जारी किया जाता है, तब तक सभी इसी तरह से सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन करेंगी।