अखनूर। एक सप्ताह से अखनूर कस्बे में पानी का संकट है। पीने का पानी ट्यूबवेल या हैंडपंप से लाने को लोग मजबूर हैं। पीएचई विभाग पानी संकट गहराने की वजह बिजली कटौती बता रहा है। कई संगठनों ने पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कस्बे के मुख्य तीन ट्यूबवेल में पानी की आपूर्ति कम होने पर पानी की किल्लत से लोग बेहाल हैं। पीने के पानी के लिए ट्यूबवेल या हैंडपंप ही सहारा बन रहे हैं। एक सप्ताह से कस्बे के पानी की सप्लाई बहुत कम मात्र में हो रहा है। इससे लोगों की जरूरत पूरी नहीं हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता रामपाल ने बताया कि कस्बे में इन दिनों लोग पानी के बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। रामेश कुमार ने बताया कि बिजली की कटौती और पानी किल्लत ने जीवन को नारकीय बना दिया है। व्यवस्था जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
बिजली की सप्लाई अक्सर बंद रहने के कारण पानी की सप्लाई कम हो पाती है। बिजली के बिना जरूरत के मुताबिक फिल्ट्रेशन प्लांट ठीक से काम नहीं कर रहा है। बिजली सप्लाई दुरुस्त होते ही पानी पर्याप्त मिलने लगेगा।
- सतपाल शर्मा, एक्सईएन, पीएचई विभाग